बागपत की चोरी का खुलासा नहीं तो आंदोलन
बड़ौत (बागपत)। उप्र उद्योग व्यापार मंडल की हुई बैठक में बागपत जनपद में लगातार व्यापारियों के साथ हो रही लूट और चोरी की घटनाओं पर आक्रोश जताया और बागपत में मोबाइल व्यापारी पंकज जैन के यहां हुई लाखों की चोरी होने पर आक्रोश जताया । लोहिया बाजार स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित बैठक में संगठन के जिलाध्यक्ष अंकुर जैन ने कहा बागपत कोतवाली और एसपी कार्यालय से मात्र कुछ कदमों की दूरी पर भी व्यापारी सुरक्षित नहीं है, तो कहां होंगे। जिले में पुलिस पूरी लापरवाही के साथ कार्य कर रही है। किसी भी केस को खोलने में पुलिस निष्क्रिय है। थानों और चौकियों में दलालों का जमावड़ा रहता है। चेकिंग के नाम पर बाजार पुलिस चौकी के दरोगा व्यापारियों के साथ अभद्रता करते हैं। व्यापारियों की कोई सुनने वाला नहीं है। संचालन करते हुए जिला उपाध्यक्ष ललित जैन ने कहा हम पीड़ित व्यापारी के साथ है। यदि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर माल बरामद नहीं करती है तो बड़ौत नगर के भी सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद कर एकता का परिचय देंगे। इसमें सुधीर राठी, मुकेश शर्मा, चमन लाल, सौरभ जैन, अरविंद जैन, अनुज जैन, शील चंद जैन, धनेंद्र जैन, चीनू जैन, रोजूद्दीन मलिक, इमरान, विकास जैन, सुख माल चंद, मनोज जैन, सोनू सैनी, रवि पालीवाल, नवीन जैन, ऋषभ जैन आदि रहे।