बालैनी। पिलाना ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत की बोर्ड बैठक हुई। वहां सर्वसम्मति से 75 लाख 90 हजार रुपये से विकास कार्य कराने के लिए प्रस्ताव पास किए गए। वहीं बैठक से चार सचिवों के अनुपस्थित रहने पर ब्लॉक प्रमुख अनीश यादव ने वेतन रोकने के लिए बीडीओ को पत्र लिखा।
ब्लॉक प्रमुख ने मंगलवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बोर्ड बैठक बुलाई। बैठक में सदस्यों ने गांवों में इंटरलॉकिंग मार्ग, नाला निर्माण, साफ सफाई, सोलर लाइट सही कराने, हैंडपंप रिबोर कराने सहित अन्य विकास कार्य कराने के प्रस्ताव रखे। इसके बाद सर्वसम्मति से 75 लाख 90 हजार रुपये के विकास कार्य पास किए गए। ब्लॉक प्रमुख अनीश यादव ने कहा की सभी जनप्रतिनिधि अपने गांवों में लोगों को साफ सफाई के लिए जागरूक करें, ताकि गांव का साफ स्वच्छ रह सकें। वहीं ग्रामीणों को पानी बर्बादी से राेककर पानी का महत्व बताए। इस दौरान पिलाना सीएचसी प्रभारी डॉ़ सुधीर शर्मा, दीपक तोमर, वहाब प्रधान, सलीम त्यागी, अशर मोहम्मद, दिनेश यादव, डॉ़ रूप त्यागी, रोहित ठेकेदार, संदीप यादव मौजूद रहे।
चार सचिव रहे अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश
क्षेत्र पंचायत की बैठक में पंचायत सचिवों के अनुपस्थित रहने पर ब्लॉक प्रमुख ने नाराजगी दिखाई और सचिव रविंद्र, निशांत चौधरी, कुबेर सिंह और विनोद का एक दिन का वेतन रोकने के लिए बीडीओ को पत्र लिखा। उन्होंने कहा कि इनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए डीएम व सीडीओ को भी पत्र लिखा जाएगा।