गन्ने का भुगतान न होने से किसानों में आक्रोश
बड़ौत (बागपत)। हिलवाड़ी गांव में किसानों की पंचायत में गन्ने का भुगतान न होने पर आक्रोश जताया। वहीं शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
ओमवीर सिंह की अध्यक्षता और नरेश के संचालन में पंचायत हुई। इसमें ब्रजपाल सिंह ने कहा कि किसानों के साथ बहुत बड़ा अन्याय हो रहा है। किसानों के गन्नें का भुगतान सरकार द्वारा समय पर नहीं हो पा रहा है। किसानों को बिजली के बिल अदा करने में परेशानी हो रही है। इसमें चौबीसा चौधरी सुभाष ने कहा कि जब तक किसानों के गन्नें का भुगतान नहीं होता तब तक सरकार को ओटीएस स्कीम चालू रखनी पड़ेगी। जिससे किसान अपना बिजली का बिल जमा कर सके। चौधरी रामफल सिंह ने कहा कि आवारा गौवंश किसानों की फसल को बर्बाद कर रहे हैं। जिस पर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। सरकार गौवंश के लिए काफी पैसा खर्च कर रही है, परंतु कहीं भी कोई कुछ भी राहत नहीं मिल पा रही है। चौधरी यशपाल सिंह ने कहा कि 25 फरवरी को तहसील में होने वाली पंचायत में गन्ना भुगतान, आवारा गौवंश, विद्युत बिल को लेकर विचार कर रणनीति बनाई जाएगी। इसमें शहीद जवानों की आत्मा शांति के लिए श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखा गया।