बिनौली (बागपत)। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को क्षेत्र के कई विद्यालयों का निरीक्षण कर वार्षिक परीक्षा का जायजा लिया। बीएसए योगराज सिंह व खंड शिक्षाधिकारी बिनौली सतीश शर्मा उच्च प्राथमिक विद्यालय बिनौली पहुंचे। वहां चल रही वार्षिक परीक्षा का जायजा लिया। उन्होंने इंचार्ज प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार से परीक्षार्थियों की संख्या की जानकारी ली। कक्षा 6,7 व 8 में कुल पंजीकृत 206 में से 196 ने परीक्षा दी। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय जौहड़ी, उच्च प्राथमिक विद्यालय अंगदपुर, प्राथमिक विद्यालय आरिफपुर खेड़ी और उच्च प्राथमिक विद्यालय वाजिदपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में पंजीकृत बच्चों में से शत प्रतिशत की परीक्षा कराने के अध्यापकों को निर्देश दिए। इससे पूर्व उन्होंने बरनावा के माडल स्कूल में शामिल प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ब्लाक संसाधन केंद्र का भी निरीक्षण किया और परिसर की सजावट कराने पर बीईओ सतीश शर्मा को साधुवाद दिया।