दोघट (बागपत)। बामनौली गांव में महेश पाल के आवास पर पट्टाधारकों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजपाल सिंह ने कहा कि सरकार ने जिन लोगों को पट्टो की जमीन दे रखी है उस जमीन पर दबंगों का कब्जा बना हुआ है। जिसकी शिकायत लेकर ग्रामीण कई बार उच्च अधिकारियों से भी मिल चुके हैं, लेकिन जब जब उन्हें जमीन मिली तभी कुछ दिन बाद ही दबंगों ने फिर कब्जा कर लिया । दो बार उन्हें पट्टे की जमीन मिली दोनों ही बार जमीन छीन ली । चकबंदी दौरान भी उनके साथ धोखा किया । चकबंदी कर्मियों ने उनकी जमीन किसी के हवाई चक में काट दी तो किसी की नदी में तो किसी की जमीन का ये ही पता नहीं की वह कहां है। बैठक में निर्णय लिया यदि दस दिन में उनकी जमीन उन्हें न मिली तो वे अपने परिवारों के साथ लखनऊ में मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचेंगे और समस्या का समाधान न होने तक परिवार संग वहीं रहेंगे। चाहे वहां भूखा ही क्यों न मरना पड़े। संचालन हरि सिंह ने किया। इसमें मास्टर खिलारी सिंह, राम कुमार, सुखपाल, विनोद, बिजा सिंह, अमित, घनश्याम, जगबीर, सोनू, बिजेंद्र, भीम सिंह, रामफल, रामपाल, महेश पाल आदि रहे।