खेकड़ा (बागपत)।
सोमवार की रात्रि में मौसम में अचानक आए बदलाव से आसमान में घनघोर घटा छा गई और हल्की बूंदा बांदी का दौर शुरू हो गया। मंगलवार की सुबह करीब दस बजे तक मध्यम स्तर की बारिश नगर क्षेत्र में हुई। इससे खेतों में खड़ी गेहूं, जई, बरसीम, सरसो आदि रवि ऋतु की फसलें लहला उठी। किसानों के चेहरे बारिश होने पर खिल गए। किसान राममेहर सिंह, ओमकार, देशपाल, सुरेंद्र, बिजेंद्र आदि ने कहा यह बारिश खेतों में खड़ी रवि ऋतु की फसलों के लिए सोना साबित होगी। यदि सब कुछ ठीक रहा तो उत्पादन में वृद्धि होगी। बारिश से मार्गों पर व्याप्त कीचड़ एवं जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही बारिश होने से सर्दी बढ़ने के कारण लोग घरों में दुबके रहे।