बागपत।
सड़क हादसे में घायल महिला ने सफदरजंग अस्पताल दिल्ली में दम तोड़ दिया। मृतक महिला के भाई ने कोतवाली में बाइक सवार युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
हरियाणा के झूंडपुर गांव निवासी संदीप कुमार ने बताया कि 25 जुलाई को अपनी बहन मुकेश पत्नी अनिल कुमार व उसके देवर अजय निवासी ककड़ीपुर थाना रमाला को बाइक पर लेकर अग्रवाल मंडी टटीरी स्थिति अस्पताल में दवा दिलाने आ रहा था। जब वह मेरठ-बागपत मार्ग पर टटीरी में सर्वोदय अस्पताल के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी। हादसे में बहन मुकेश, उसका देवर अजय व दूसरी बाइक सवार विकास निवासी सूरजपुर महनवा घायल हो गए । घायल मुकेश को सफदरजंग अस्पताल दिल्ली में भर्ती कराया। शुक्रवार की रात में करीब साढ़े 10 बजे इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। भाई संदीप ने विकास निवासी सूरजपुर महनवा के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों ने महिला के शव का अंतिम संस्कार किया।