ग्रामीणों का सीएचसी में प्रदर्शन
बड़ौत (बागपत)। कंडेरा समेत कई गांवों के ग्रामीण बृहस्पतिवार को बड़ौत सीएचसी पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा गांव की पीएचसी पर न तो चिकित्सक आता है और न ही फार्मेसिस्ट। इसके चलते स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। ग्रामीणों ने कहा गांव स्थित पीएचसी पर कंडेरा, जिवानी, करीमपुर, जिवाना आदि गांवों के ग्रामीण इलाज कराने आते हैं, लेकिन पीएचसी में चिकित्सक के न बैठने पर मरीज परेशान हैं। कंडेरा के बीमार लोगों को सीएचसी बड़ौत में आना पड़ता है या फिर किसी निजी अस्पताल में। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने समस्या को लेकर प्रदर्शन किया और समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुकेश उपाध्याय ने आंदोलनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया। अधीक्षक डॉ. मुकेश उपाध्याय ने कहा पीएचसी में चिकित्सक और फार्मेसिस्ट नहीं आने शिकायत मिली है। जल्द ही जांच कर कार्रवाई होगी। इनमेें नरेंद्र, ओमपाल, हरवीर, सुखवीर, प्रवेंद्र, अनिल, जगपाल, हरवीर, अमरपाल आदि रहेे।