फर्द निकलवाने के लिए लगी भीड़
बड़ौत। सरकार द्वारा चलाई गई किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लाभ लेने के लिये फर्द लेने वाले किसानों की भारी भीड़ जमा रही और हंगामे की स्थिति बनी रही। किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत सीमांत किसानों को छह हजार रुपये प्रतिवर्ष देने की घोषणा की गई थी। जिसमें तिमाही आधार पर दो हजार रुपये मिलने हैं। इसके लिये सीमांत किसान अपनी फर्द निकलवाने तहसील पर पहुंचे। इस दौरान लंबी कतारें लग गईं और हंगामे की स्थिति बनी रही। किसानों का कहना था कि कभी कम्प्यूटर खराब होने तो कभी स्टॉफ की कमी का बहाना बनाकर स्टॉफ उन्हें परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि फर्द देने में देरी की गई तो वे इस योजना से वंचित रह सकते हैं। इस मौके पर रामकिशन, रामफल, राममेहर, दीपू, रामस्वरूप, महीपाल, चंद्रपाल, अनिल आदि मौजूद रहे।