दाहा (बागपत)। झूंडपुर गांव में बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान संजय के आवास पर बैठक हुई। इसमें प्रधान ने कहा कि झूंडपुर सहित पास के कई गांवों के लोगों के लिए हिंडन पर पुल की जरूरत है। यहां के लोग 14-15 किमी का रास्ता तय कर हिंडन के दूसरी ओर अपने खेतों में जाते हैं। रास्ता कम करने के लिए नदी को पैदल ही पार जाते हैं। इससे कई बार यहां पर हादसे हो चुके हैं। भैंसों की भी डूबने से मौत हो चुकी है। वर्षों से हिंडन पर पुल की मांग कर रहे हैं, आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। जनप्रतिनिधि और प्रशासन से इससे अवगत कराया। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की हिंडन नदी पर पुल बनवाया जाए, ताकि गांव के लोगों को इसका फायदा हो सके। इसकी अध्यक्षता हरपाल सिंह ने की और संचालन यशपाल ने किया। इसमें सतीश, मनोज, मूलचंद, सूरजन, पिंटू, सतकुमार, सुधीर, ओम सिंह, राजपाल, बिंदर, राज सिंह मौजूद रहे।