बागपत। सर्वधर्म एकता युवा मंच के संयोजक राम गोपाल आर्य ने कहा जनसमस्याओं को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। सांसद आदर्श गांव पलड़ी में मंच के कार्यालय पर आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि कभी राजनीति एक सेवा के रूप में होती थी, लेकिन आज राजनीति को व्यापार बना दिया है। शान शौकत के अलावा विभिन्न भत्तों, पेंशन, वेतन, बंगला, गाड़ी आदि करोड़ों रुपये की सुविधाएं नेताओं दी जा रही है। जब चार सौ रूपये में अन लिमिटेड कॉल और डाटा मिल रहा है तो हर महीने टेलीफोन भत्ता 15 हजार रुपये क्यों दिया जाता है। नेपाल में पेट्रोल की कीमत 51 रुपये लीटर है और भारत में 82 रुपये लीटर है। जबकि भारत से ही नेपाल पेट्रोल खरीदता है। देश के सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की हालत खस्ता है। इनकी हालत तभी सुधर सकती है जब नेताओं के बच्चे भी सरकारी स्कूलों में पढ़े और उनका इलाज भी सरकारी अस्पतालों में हो। इसकी अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष बाबूराम ने की। संचालन महामंत्री दिनेश कुमार ने किया। इसमें प्रवीण, गौरव, नाजिम खान, प्रवेश, हरबीर, ओमप्रकाश, गोपाल, अमित, यशपाल आदि उपस्थित रहे।