दोघट (बागपत)। भड़ल गांव में चल रही चर्म शोधन इकाइयों को अभी तक स्थानांतरित नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से ऑन लाइन शिकायत की है।
भड़ल गांव निवासी जितेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री से की शिकायत में बताया कि गांव में 50-60 वर्ष से 100 चर्मशोधन इकाइयां चल रही हैं। इसके कारण गंदगी, जल प्रदूषण, वायु प्रदूषण काफी हो गया है। चर्म शोधन कार्य में प्रयुक्त होने वाले पानी से गांव के जलाशय का पानी दूषित हो गया है, इसका असर मानव स्वास्थ्य पर साफ देखा जा रहा है। सरकार ने चर्म शोधन के कार्य के लिए चारदीवारी और आवश्यक सुविधाएं विकसित की हैं। चर्म शोधन करने वाले व्यक्ति जगह और सुविधा पर्याप्त न होने का कारण बता कर इकाइयों को स्थानांतरित नहीं कर रहे हैं। इसके कारण ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है, जो कभी भी सड़कों पर उतरकर फूट सकता है। उन्होंने सीएम से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।