बागपत। सड़क हादसों के बढ़ते ग्राफ को देखकर यातायात अभियान चलाया जाएगा। शुक्रवार से ट्रैफिक पुलिस लोगों को जागरूक करेगी।
प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने एसपी को भेजे पत्र में कहा यातायात पुलिस शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाएं। अभियान के दौरान कार्यालय समय और बच्चों के स्कूल समय का विशेष ध्यान रखे और अभियान के कारण किसी को कार्यालय अथवा स्कूल जाने में विलंब या असुविधा न हो एवं जाम की स्थिति भी पैदा न हो। चेकिंग में कोई भेदभाव न किया। किसी भी प्रकार की अवैध वसूली न हो। पुलिस कर्मी अपना कार्य शालीनता, सजगता व कड़ाई से करें। बुजुर्ग महिला, दिव्यांगों व मरीज को कोई असुविधा न होने पाए। अभियान में हेलमेट धारण न करने वाले, सीट बेल्ट न पहनने वाले व्यक्तियों, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वालों, वाहनों पर हूटर, सायरन, प्रेशर हॉर्न व काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।