बडौत। बिनौली रोड पर यूनियन बैंक शाखा के अंदर एक युवती ने बुजुर्ग खातेदार के बैग से 40 हजार रुपये निकाल लिए। रुपये निकालने का यह काम युवती ने मात्र 20 मिनट में कर दिया। इस दौरान एक महिला भी युवती के साथ रही। रुपये निकालने के बाद युवती और घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर, बैंक अधिकारी पूरे मामले को दबाने पर लगे हुए हैं।
नगर के बिनौली रोड स्थित यूनियन बैंक शाखा में 26 जुलाई की दोपहर एक युवती ने बुजुर्ग व्यक्ति के थैले से 40 हजार रुपये निकाल लिए। इस दौरान युवती के साथ एक महिला भी रही। यह पूरी घटना 1.34 सेकेंड की है, जिसमें युवती बुजुर्ग व्यक्ति के पीछे चलती हुई नजर आ रही है। बुजुर्ग व्यक्ति जब काउंटर पर लाइन में लग जाते हैं तो युवती भी उनके पास खड़ी हो जाती है और थैले में हाथ देकर 40 हजार रुपये निकाल लेती है। इस दौरान युवती के साथ एक महिला भी चलती हुई नजर आ रही है। रुपये निकालने के बाद युवती और महिला बैंक शाखा से चली जाती है। यह पूरी घटना बैंक शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो जाती है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
सुरक्षा पर बडा सवाल
बडौत। बैंक शाखा के अंदर से ग्राहक के रुपये निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। शाखा प्रबंधक संजीव मोहन का कहना है कि इस मामले की ग्राहक ने शिकायत नहीं की है हालांकि उनके थैले से युवती ने 40 हजार रुपये निकाले हैं। शाखा प्रबंधक ने पीड़ित ग्राहक का नाम बताने और ज्यादा जानकारी देने से मना कर दिया। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि यूनियन बैंक शाखा से ग्राहक के रुपये निकल जाने का मामला मौखिक रूप से सामने आया है हालांकि अभी इसकी शिकायत नहीं की गई है।