बागपत। जिले में अवैध रूप से चल रहे ईंट भट्ठों के संचालकों के खिलाफ राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में प्रार्थना पत्र भेजकर बंद कराने और कठोर कार्रवाई की मांग की है। बागपत निवासी राजबीर सिंह, राजेंद्र सिंह, बीरपाल सिंह, पवन कुमार राणा, महेंद्र सिंह ने एनजीटी में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि जिले में 600 ईंट भट्ठे संचालित हैं। पिछले छह-सात साल से 30 प्रतिशत भट्ठे अवैध रूप से चल रहे हैं। कुछ भट्ठे गांवों से 50 मीटर से 500 मीटर के दायर में संचालित हैं। धुएं के गुबार से ग्रामीणों में कई तरह की बीमारी फैल रही हैं। आरोप लगाया कि अधिकारी भी एनजीटी के आदेश का हवाला देकर भट्ठों पर कच्ची ईंटें फोड़ देते हैं और भट्ठों में पानी बंद करा देते हैं, लेकिन तीन-चार दिन बाद फिर से इनको संचालित करा दिया जाता है। जिले में 23 भट्ठे सादे और 20 भट्ठे गांव के आसपास चल रहे हैं। उन्होंने भट्ठा प्रकरण की सीबीआई जांच कराने एवं अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठे के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।