बागपत। पिछले कई वर्ष से जर्जर पड़ी गन्ना विभाग की 31 सड़कों का निर्माण 22.12 करोड़ रुपये से कराया जाएगा। जिसके लिए गन्ना विभाग से सड़कें हैंडओवर होने के बाद लोनिवि ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया। जिसकी मंजूरी मिलने के बाद सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। जिससे करीब 100 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में फायदा मिलेगा।
जिले में गन्ना विभाग की 31 सड़कें है, जिनका निर्माण कई साल पहले कराया गया था। लंबा समय बीतने के बाद सभी सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिस कारण आवागमन करने वाले किसानों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो हादसे भी बढ़ रहे है। जिसको लेकर अफसरों के साथ होने वाली किसान बैठक में भी किसानों ने कई बार सड़कों का निर्माण कराने के लिए हंगामा किया।
सड़कों की खराब स्थिति पर अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद गन्ना विभाग ने सड़कें लोनिवि को हैंडओवर कर दी। इन सड़कों के निर्माण के लिए लोनिवि के अफसरों ने 22.12 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया। मंजूरी मिलने के बाद सड़कों का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
इन मार्गों का होगा निर्माण
लोनिवि के अफसरों ने मलकपुर-छपरौली रोड़ से पूर्वी खास की पटरी, शबगा कोताना रोड़ से आदलाबाद खेड़ा, सिरसली से बड़ौत-बिनौली रोड़, ईदरीशपुर से भगवानपुर मार्ग, असारा से कृष्णा नदी की तरफ, इब्राहिमपुर माजरा से अशरफाबाद थल का द्वितीय भाग, अशरफाबाद थल-जिवानी से कंडेरा मार्ग, किरठल बाईपास मार्ग, रमाला-टांडा मार्ग से हेवामीरपुर, गूंगाखेड़ी से कंडेरा, कंडेरा से बामनौली, सलावतपुर खेड़ी से बसी रजवाहे की पटरी, कैडवा पटरी से गांवड़ी मार्ग, आरिफपुर खेड़ी से बडावद मार्ग, नांगल से गांगनौली का तृतीय भाग, रमाला-टांडा से किरठल, रमाला टांडा से सोंटी प्रथम भाग, पदड़ा से बसौद द्वितीय भाग, चिरचिटा से इंटर कालेज कमाला जूड हजूराबाद गढ़ी मार्ग, डौला से अमरपुर गढ़ी मार्ग, चिरचिटा लोनिवि रोड से हिंडन नदी की तरफ, बड़ौत-बुढाना से मांगरौली, बड़ौत कोताना मार्ग से ढिकाना, बोहला-लुहारी मार्ग से ढिकाना मार्ग, मलकपुर-छपरौली से पश्चिमी खास की पटरी, शबगा से बाछौड़ मार्ग, लुहारा से चांदनहेड़ी का प्रस्ताव बनाकर भेजा।
गन्ना विभाग की 31 सड़कों का निर्माण कराने के लिए 22.12 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जिसकी मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - अतुल कुमार, अधिशासी अभियंता, लोनिवि।