- केंद्रों पर तैनात रहेंगे स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। आज छह केंद्रों पर बीएड प्रवेश परीक्षा होगी। जिले में परीक्षा के लिए 2807 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी तैयारी पूरी कर ली है। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस तैनात रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि जिले में बागपत के श्री यमुना इंटर काॅलेज, बड़ौत के जनता वैदिक इंटर काॅलेज, जनता वैदिक डिग्री काॅलेज, दिगंबर जैन इंटर काॅलेज, खेकड़ा के गांधी विद्यालय इंटर काॅलेज और अग्रवाल मंडी टटीरी के डीएवी इंटर काॅलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा के लिए तीन जोनल, छह सेक्टर और आठ स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।
सभी केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेगा, जबकि दो सेक्टर मजिस्ट्रेट को रिजर्व में रखा गया है। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पुलिसबल तैनात रहेगा और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। परीक्षा के लिए 286 कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।