संवाद न्यूज एजेंसी
रटौल/दोघट।। पाची-चमरावल मार्ग पर विद्युत लाइन की चिंगारी गिरने से किसान की 18 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इसके अलावा हिम्मतपुर सूजती गांव के जंगल में विद्युत लाइन की चिंगारी से चार बीघा गेहूं और गन्ने की फसल जल गई। किसानों ने प्रदर्शन कर किसान को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
चमरावल निवासी मुनेंद्र का पांची-चमरावल मार्ग पर गेहूं की फसल उगा रखी है। मंगलवार को खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन की चिंगारी गिरने से गेहूं की फसल में आग लग गई। आसपास खेतों में काम करने वाले किसानों ने अग्निशमन की टीम को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक किसान की 18 बीघा फसल जलकर राख हो गई। किसानों ने गेहूं की फसल के बराबर में रूटरी चलाकर गन्ने की फसल को बचाया।
किसान अंकुर, गौतम व कपिल ने बताया कि विद्युत लाइन जर्जर हो चुकी है और तार नीचे लटक रहे है। कई बार लाइन ठीक कराने की मांग की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। किसानों ने प्रदर्शन कर नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की। इस मौके पर प्रदीप, नीटू, जय भगवान, ब्रह्म प्रकाश मौजूद रहे। उधर, हिम्मतपुर सूजती गांव के किसान सतवीर ने बताया कि उसने उगाही पर जमीन लेकर गन्ने की फसल उगा रखी है। मंगलवार को बिजली लाइन की चिंगारी से खेत में आग लग गई। जिससे उसकी दो बीघा गेहूं और दो बीघा गन्ने की फसल जलकर रख हो गई। आग लगने पर उन्होंने बिजलीघर पर सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। किसान ने थाने में तहरीर देकर ऊर्जा निगम के कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।