शिविर में 210 मरीजों की जांच
बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर रोड पर स्थित मलिक नर्सिंग होम में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें मरीजों की भीड़ लगी रही। शिविर में बीएलके अस्पताल दिल्ली से आई चिकित्सकों की टीम ने हृदय, हड्डी, आंख, ब्लड शूगर के मरीजों की जांच की। शिविर में 210 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के बाद निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस मौके पर नर्सिंग होम के संस्थापक डॉ. आबिद मलिक ने मरीजों को परामर्श दिया। डॉ. निखत जहां ने लोगों को बीमारियों से दूर रहने की सलाह दी। इन बीमारियों से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए आसपास की सफाई रखनी चाहिए। तनाव मुक्त रहने के लिए हमें नियमित योग करना चाहिए। इन बातों को गंभीरता से अपने जीवन में अपनाने पर हम कई बीमारियों से मुक्त रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि सही जांच न होने के कारण कई बार बीमारियां गंभीर रूप ले लेती हैं।