बागपत/खेकड़ा। गर्मी में जिले में त्वचा के मरीज बढ़ रहे हैं, तो शुगर भी परेशान कर रही है। रविवार को जिले की 23 पीएचसी पर लगाए गए मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में सबसे अधिक 196 मरीज त्वचा के पहुंचे। इसके अलावा शुगर के 57 और गैस के 43 मरीजों ने अपनी जांच कराकर दवाई ली।
सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि रविवार को 23 पीएचसी पर 33 चिकित्सक व 145 मेडिकल स्टॉफ ने 868 मरीजों की जांच कर दवाई दी। इनमें 386 पुरुष, 351 महिला और 149 बच्चों ने जांच कराई। मेले में 33 मरीज बुखार के पहुंचे। इनमें से 21 मरीजों की मलेरिया की जांच और दो-दो मरीजों की हेपेटाइटिस बी और सी की जांच की गई, सभी रिपोर्ट निगेटिव आई। मेले में पहुंचे तीन लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
उधर, खेकड़ा, बड़ागांव और रटौल पीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। मेलों में बाल और पुष्टाहार विभाग से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण वाटिका का स्टाल लगाया। चिकित्सकों ने खेकड़ा मे 38, बड़ागांव में 33 और रटौल में 44 मरीजों की जांच की। इस दौरान डॉ. तुषार जैन, डॉ. आशीष धामा, संजय कुमार, नफीस खान, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।