बिनौली (बागपत)। शुक्रवार की शाम आई आंधी से भारी नुकसान हुआ है। जगह-जगह विद्युत पोल टूटकर गिरने से दर्जन भर विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े 50 से अधिक गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। बरनावा सहित कई जगह वन क्षेत्र में सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए, इससे वन विभाग को लाखों का नुकसान होने का अंदेशा है। गिरे पेड़ों को वन माफिया उठाकर ले गए। बड़ौत मेरठ मार्ग पर भी दर्जनों पेड़ टूटकर गिर गए। उधर बरनावा गांव में पुलिस चौकी के पास बाहरी हिस्से में स्थित बरनावा निवासी मनोज शर्मा पुत्र बिजेंद्र के मकान का एक हिस्सा धराशाई हो गया, इसकी चपेट में आकर तीन पशु चोटिल हो गए।