दोघट (बागपत)। कान्हड़ गांव में एंटी भूमाफिया टीम ने पलड़ी मार्ग को कब्जा मुक्त कराया। मार्ग संकीर्ण होने के कारण कई साल से जल भराव की स्थिति बनी हुई थी। यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है। शनिवार को लेखपाल प्रमोद, सहेंद्र, कानूनगो कृष्णपाल शर्मा सहित पांच लोगों की टीम कान्हड़ गांव पहुंची। टीम ने पलड़ी मार्ग पर पैमाइश की तो 15 मीटर की चौड़ाई वाला रास्ता मात्र आठ मीटर की चौड़ाई का निकला। टीम ने पैमाइश कर निशानदेही की और चेतावनी दी कि यदि फिर से मार्ग पर कब्जा किया तो सख्त कार्रवाई होगी। ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह अहलावत ने बताया कि पलड़ी मार्ग पर कब्जा होने के कारण कई साल से जल भराव की समस्या बनी हुई थी। विधायक या सांसद से बात कर सड़क निर्माण कराया जाएगा। इस मौके पर वेद पाल, मनोज, जयेंद्र, नरेश, सुधीर, जितेंद्र, अंजू आदि रहे।