बिनौली (बागपत)।
बरनावा गांव में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। बरनावा गांव में जैन मंदिर जाने वाले मुख्य रास्ते पर कई दिनों से सफाई न होने से गंदगी व्याप्त है। मार्ग पर दोनों ओर नालों पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण करने तथा समय पर सफाई न होने से नाले ओवर फ्लो हो गए हैं, जिससे रास्ते पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। गांव में जगह-जगह डस्टबिन कचरे से भरे हैं, इनमें कचरा खाली नहीं किया जा रहा है। गांव में सफाई न होने पर जगह-जगह गंदगी व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाईकर्मी भी लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। ग्रामीणों ने बीडीओ एवं पंचायत अधिकारियों से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। इनमें संदीप जैन, विशाल जैन, लोकेश जैन, मनीष, राजवीर, सलीम, विरेंद्र, मोहित, राजू, सतीश आदि रहे। इस बाबत ग्राम पंचायत अधिकारी रविंद्र कुमार का कहना है कि जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।