बड़ौत (बागपत)। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2019-20 का मूल बजट पेश किया, इसमें आय से व्यय का प्रावधान कम रखा गया है।
मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष अमित राणा और एसडीएम, अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार द्विवेदी की देखरेख में बैठक शुरू हुई। इसमें बजट में 2019-20 में पालिका परिषद की आय के रूप में निजी स्रोतों से 7.67 करोड़ रुपये, आदर्श नगर योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना व अमृत योजना में 13 करोड़ रुपये, 14वें वित्त आयोग, राज्य वित्त आयोग से 25.57 करोड़ रुपये आय होने की संभावना है। वित्तीय वर्ष में कुल 52.25 करोड़ रुपये की आय संभावित है, जबकि व्यय का अनुमान 49.55 करोड़ रुपये रखा है। वर्ष के अंत में 2.69 करोड़ रुपये अवशेष बचने की संभावना है। बजट में जलकल अधिष्ठान व्यय पर 85 लाख रुपये, जलोत्सारण ड्रेनेज पर 9 लाख 50 हजार रुपये, सफाई कर्मचारियों पर 6.25 करोड़ रुपये, नाला खुदाई पर 60 लाख रुपये, सड़क, नाली मरम्मत एवं नवनिर्माण पर 7 करोड़ रुपये व्यय का प्रावधान रखा है। इसमें सभासद शीला, प्रवीण, हरेंद्र मुखिया, कालू रूहेला, जीत सिंह, सरिता जैन, इरफान मलिक, मेहरबान, रेणू तोमर, नगेंद्र तोमर, त्रिवेंद्र, सविता चौहान, कविता, आशा देवी, रीना, अमित राठी, रहीमुदीन, प्रताप चौहान, ललित जैन, अनुज जैन, अबुल हसन आदि रहे।