बड़ौत (बागपत)। जनता वैदिक इंटर कॉलेज में बुधवार को बोर्ड कापियों का मूल्यांकन कार्य जारी रहा। वहीं मूल्यांकन केन्द्र पर अनुपस्थित परीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारियों चल रही हैं। जनता वैदिक इंटर कॉलेज को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को जांचने के लिए मूल्यांकन केन्द्र बनाया गया है। यहां 61 उपप्रधान परीक्षक, 537 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गयी है। केंद्र प्रभारी डा. रेखा सिंह ने बताया कि शुरू से ही 154 परीक्षक व दो उपप्रधान परीक्षक अनुपस्थित चल रहे हैं, उनसे जवाब मांगा जा रहा है। उन्होंने बताया कि उर्दू की 21 सौ कापियां जांचने के लिए भेजी गई है, जबकि इस विषय के एक ही परीक्षक की ड्यूटी लगाई है। उन्होंने बताया कि डीआईओएस से उर्दू की कापियां जांचने के लिए अतिरिक्त परीक्षकों को यहां भेजने की मांग की गई है।