बागपत। अखिल उप्र जाट महासभा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शालिनी राकेश ने कहा कि जिला अस्पताल में नर्सिंग की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की घटना दुर्भाग्य की बात है। अस्पताल में महिला मरीज सुरक्षित नहीं है। बागपत में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल मेें हर रोज हजारों मरीजों की आना-जाना लगा रहता है। इमरजेंसी वार्ड में छात्रा से वारदात को अंजाम दिया गया और अस्पताल प्रशासन गहरी नींद में सोता रहा। इमरजेंसी वार्ड में कोई भी सुरक्षाकर्मी, डॉक्टर या नर्स मौजूद नहीं थी। अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे टूटे हुए हैं। महिला वार्ड की सुरक्षा के लिए किसी सुरक्षाकर्मी को नियुक्ति भी नहीं किया गया। यह घटना अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती है। सीएमओ को महिलाओं मरीजों की सुरक्षा के लिए गाइडलाइन तैयार कर उसका पालन सख्ती से कराया जाए। आए दिन बेटियों के साथ वारदातें होती रहती हैं, यह गंभीर चिंता का विषय है। एसपी से पढ़ने वाली बेटियों की सुरक्षा के लिए स्कूल और कालेजों के रास्ते पर सीसीटीवी कैमरे लगावाने एवं सादी वर्दी में पुलिस तैनात करने की मांग की।