बागपत। चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को परेशान कर दिया। रविवार के दिन गर्मी का सितम बढ़ गया। सूर्यदेव के तेवर तल्ख रहे। गर्म हवा के कारण लोग घरों से नहीं निकल सके। सुबह से ही तेज धूप निकल गई , जो चार बजे तक रही। इससे मौसम पूरी तरह गर्म हो गया। बढ़ती गर्मी के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। अधिकांश लोग डायरिया, बुखार, जुकाम, खांसी, बदन दर्द जैसे रोगों की चपेट में आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग लोगों को इस मौसम में ज्यादा से ज्यादा पानी का सेवन करने के लिए जागरूक कर रहा है। वहीं पूर्व में गर्म हवाओं से शरीर को सुरक्षित करने के भी उपाय बताए है। बढ़ती गर्मी के कारण लोगों के शरीर का पानी कम हो जाता है, इस कारण लोग बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. भुजवीर सिंह ने बताया कि गर्म हवा सबसे ज्यादा परेशानी बच्चे और बुजुर्गों को पहुंचाती है, क्योंकि इनमें प्रतिरोधक क्षमता गर्म हवा से लड़ने की कम हो जाती है। इससे बचाव के लिए सबसे बड़ा उपाय केवल ज्यादा से ज्यादा पानी का सेवन हैं। इस मौसम में बाजार में उपलब्ध कटे फल और अन्य दूषित सामान को सेवन नहीं करना चाहिए। इससे शरीर में बीमारियां बढ़ने का खतरा हो जाता है।