बागपत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कांवड़ मार्ग पर 17 स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 15 मोबाइल बाइक एंबुलेंस चलाई जाएगी। कांवड़ियों को कोई भी परेशानी होने पर बाइक एंबुलेंस उन्हें नजदीक के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराएगी।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां की जा रही है। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली सभी सीएचसी, पीएचसी और उपस्वास्थ्य केंद्रों पर दवाइयां भिजवा दी गई है। वहां पर तैनात चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों को ड्यूटी पर तैनात रहने के निर्देश दिए गए है। विभाग की ओर से सीएचसी, पीएचसी और उपस्वास्थ्य केंद्र के अलावा 17 स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से कांवड़ मार्ग पर 15 बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई है। बाइक एंबुलेंस 24 घंटे कांवड़ मार्ग पर चलेगी। यात्रा के दौरान कांवड़ियों को परेशानी होने पर बाइक एंबुलेंस उन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराएगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान छुट्टी निरस्त
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों को छुट्टी नहीं मिलेगी। इस बारे में सभी सीएचसी अधीक्षकों को पत्र भेजकर आकस्मिक परिस्थिति को छोड़कर छुट्टी की स्वीकृति नहीं देने के निर्देश दिए गए है।
बंद रहेगी चर्म शोधन इकाइयां
दोघट। भड़ल गांव में कांवड़ यात्रा के दौरान चर्म शोधन इकाइयां बंद रहेगी। पुलिस ने इकाई संचालकों को कांवड़ यात्रा के दौरान चर्म शोधन का कार्य करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। थाना प्रभारी देवेश कुमार शर्मा ने बताया कि भड़ल में चर्म शोधन इकाइयां बंद रहेगी। कांवड़ यात्रा पूरी होने तक गांव में पुलिस और पीएसी गश्त करेगी।