बागपत। जिले में लंपी रोग पैर पसारता जा रहा है, जो शुक्रवार को 40 गांवों में पहुंच गया और 157 गोवंश लंपी से ग्रस्त मिले। पशुपालन विभाग की टीम ने उपचार शुरू कर दिया है। उधर, लंपी रोग से ग्रस्त गोवंशों की संख्या बढ़ने और गोवंशों की मौत होने से पशुपालक चिंतित हैं।
पशुओं में फैल रहे लंपी रोग से ग्रस्त पांच गोवंशों की अब तक मौत हो चुकी है, जबकि शुक्रवार तक 159 गोवंशों में लंपी रोग के लक्षण मिलने के बाद उन्हें दूसरे पशुओं से अलग कर उपचार किया जा रहा है। जिसके चलते पशुपालन विभाग की छह टीमें गांवों में घूमकर पशुपालकों को लंपी रोग के बारे में जागरूक कर रहीं हैं। पशुपालकों को बचाव के तरीके बता रहीं हैं। पशुपालन विभाग के अधिकारी रोजाना लंपी रोग की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज रहे हैं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि लंपी रोग को लेकर पशुपालन विभाग अलर्ट है और कंट्रोल रूम पर सूचना मिलने के बाद गोवंशों को ट्रैक कर उपचार दिया जा रहा है।