बागपत। निवाड़ा गांव में मकान में घुसकर परिवार को जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे दो सगे भाइयों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट से उन्हें जेल भेजा। निवाड़ा गांव में 19 जून को सरफराज पुत्र वासत अली के घर में घुसकर तीन युवकों ने परिवार के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली चलाई। इसमें वह बाल-बाल बच गए। उसने खालिद, खलील पुत्र ताज अली, साहिल निवासी निवाड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने साहिल को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों भाई फरार चल रहे थे। दोनों आरोपियों ने पुलिस को चकमा देकर सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार रोरिया ने बताया कि हमले के आरोपी दोनों भाइयों ने सरेंडर कर दिया है।