बड़ौत (बागपत)।
जनता वैदिक इंटर कॉलेज में सोमवार को शिक्षकों की बैठक में माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र सिंह ने कहा 22 जून को शिक्षक संघ का प्रदेश के ग्रीष्मकालीन सम्मेलन लखनऊ के गन्ना संस्थान सभागार में होगा। उन्होंने बताया सम्मेलन के मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा होंगे। उन्होंने बताया कि नई पेंशन योजना से संबंधित सरकारी अंशदान दो साल से शिक्षकों के खातों में नहीं भेजा जा रहा है । सातवें वेतन आयोग की दूसरी किस्त का भुगतान, पुरानी पेंशन की बहाली, वित्त विहीन शिक्षकों को पूर्णकालिक का दर्जा देने का आदेश, राजकीय शिक्षकों की भांति शिक्षकों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा देने, संलग्न प्राइमरी शिक्षकों को नियमित वेतन भुगतान, मूल्यांकन बोर्ड ड्यूटी करने वाले शिक्षकों का भुगतान, वरिष्ठतम प्रवक्ताओं को कार्यवाहक प्रधानाचार्य का कार्यभार न सौंपना और कार्यालय की धांधली का मामला प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ दिनेश शर्मा व शिक्षा निदेशक के समक्ष उठाया जाएगा। मीडिया प्रभारी अजय राज शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में जनपद के 50 प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें सत्यवीर सिंह, इंद्रपाल सिंह, आदेश गुप्ता, मनोज, पंकज शर्मा, घनश्याम, नरेंद्र, मनमोहन, दानिश, नवीन कुमार, सत्येंद्र, देशपाल आदि रहे।