बागपत। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार ने बताया कि अश्व प्रजाति के जानवरों पर ग्लैंडर्स फारसी बीमारी बढ़ रही है। विगत दिनों पशु चिकित्सा विभाग ने 20 घोड़ों के सैंपल को अश्व अनुसंधान हिसार भेजा। इसमें दो घोड़ों को इसकी पुष्टि हुई । उन्होंने बताया कि नौरोजपुर गुर्जर रोड के स्थित एक ईंट भट्ठे पर एक घोडे़ को ग्लैंडर्स फारसी के कुछ लक्षण मिले, जो संदिग्ध लग रहा था। जैसे ही मालिक को इसकी भनक लगी तो वह घोड़े को लेकर भट्ठा छोड़कर गायब हो गया। विभागीय स्टाफ ने लगातार दो दिन तक घोड़े की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। विभागीय अधिकारियों ने घोड़ा मालिक के परिवार को समझाया। इसके बाद पास शामली जनपद के एक ईंट भट्ठे से उसे बुलवाया । इसके बाद उसकी दोबारा से जांच करने के बाद विभाग ने सैंपल लेकर जांच के लिए अनुसंधान केंद्र हिसार भेजा। उन्होंने बताया कि अगर रिपोर्ट सकारात्मक आती है तो घोड़े को मौत का इंजेक्शन लगाया जाएगा।