खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के ग्राम बसी निवासी युवक की खतौली में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों ने शव का गांव में अंतिम संस्कार किया।
क्षेत्र के ग्राम बसी निवासी योगेश पुत्र ओमबीर खतौली में टावर लगाने का कार्य करता था। बुधवार को वह ट्रैक्टर-ट्राली में टावर का सामान लादकर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति के साथ आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पलट गया और योगेश ट्रैक्टर के नीचे दब गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी खतौली पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को बृहस्पतिवार को गांव में ले आए और शव का अंतिम संस्कार कर दिया। 25 वर्षीय अविवाहित युवक योगेश की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रोकर बुरा हाल है।