बिनौली (बागपत)। मवी कलां के सर्व हितकारी आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में बुधवार को उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान के तत्वावधान में संस्कृत सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसमें वक्ताओं ने संस्कृत के महत्व को बताया। सम्मेलन का शुभारंभ छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर किया। इसके बाद छात्राओं ने संस्कृत संभाषण एवं गीत प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि समाजसेवी केशोराम ने कहा कि संस्कृत भाषाओं की जननी है। हम सब की है और हमें इसे सीखने पर जोर देना चाहिए, यही हमारा लक्ष्य है, जिसके लिए हमें साधना करनी होगी। मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान के जिला प्रशिक्षक अंशुल कुमार ने छात्रों को आधुनिक युग में संस्कृत के महत्व एवं आवश्यकता के बारे में बताते हुए कहा कि यत्र संस्कृति तत्र संस्कारा:, आधुनिक युग में जो सुपर कंप्यूटर बन रहा है उसकी भाषा संस्कृत ही होगी। विद्यालय के अध्यक्ष राम कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष सूबे सिंह आर्य, विद्यालय इंटर कॉलेज प्रबंधक बालकिशन, प्राध्यापिका मंजू देवी समेत विद्यालय की अध्यापिकाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया।