शहर में बिकता है चीनी मांझा, प्रशासन को खबर तक नहीं
बड़ौत (बागपत)। खतरनाक चीनी मांझे से लगातार होने वाले हादसों के बावजूद शहर में इसकी बिक्री रुक नहीं रही है। पुलिस प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं है। कुछ लोगाें का कहना है कि इस मांझे से पतंगबाजी के कारण कई क्षेत्रों में छतों पर जाना तक मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद इस पर रोक नहीं लगाई जा रही है। नगर के संजीव, मनोज, नीरज, प्रमोद, अनिल, धर्मवीर का कहना है कि पतंग उड़ाने के दौरान मकान की छतों पर चढ़ाना भी मुश्किल हो जाता है। हर दम यह डर सताता रहता है कि कहीं घर का कोई बच्चा खेलने के लिए छत पर न चला जाए। उन्होंने प्रशासन से नगर में छापेमारी कर चीनी मांझे पर रोक लगाएं जाने की मांग उठायी। एसडीएम दर्शन सिंह का कहना था कि जल्द ही चीनी मांझे के खिलाफ अभियान चलाकर इन पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।