बड़ौत। बिजरौल गांव में हाईटेंशन लाइनों से उठी चिंगारियों से एक किसान की 15 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर दमकल कर्मी भी मौके पर पहुंचे, आरोप है कि पर्याप्त पानी न होने की वजह से किसानों ने खुद ही आग पर काबू पाया। किसानों ने पीड़ित के लिए मुआवजे की मांग की।
बिजरौल गांव में हाईटेंशन लाइन से उठी चिंगारियों के कारण शुक्रवार की देर शाम किसान देवेंद्र के खेत में आग लग गई। खेतों में काम करने वाले किसान मौके पर जमा हो गए। उन्होंने इसकी सूचना दमकल विभाग को भी दी। किसानों ने खेत में तेजी से फैल रही आग को बुझाने की कोशिश तो जरूर की, लेकिन वे नाकामयाब रहे। मौके पर दमकलकर्मी भी पहुँच गए, आरोप है कि दमकल कर्मी नाममात्र पानी लेकर ही वहां पर पहुंचे। जिसको देखते हुए खुद ही किसानों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसान की 12 बीघा का एक रकबा और 3 बीघा का एक रकबा समेत 15 बीघा गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई। किसानों का कहना था कि उन्होंने निगम के अधिकारियों को शिकायत की थी, कि कुछ दिन से हाईटेंशन लाइन में चिंगारी उठ रही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। किसानों ने पीड़ित के लिए मुआवजे की मांग की।