बागपत। जिले के 142 किसानों ने गन्ना समिति पर अपने आधार कार्ड जमा नहीं कराए हैं। जिससे इन किसानों को गन्ना विभाग की योजनाओं से वंचित रहना पड़ेगा। विभाग ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए जल्द से जल्द किसानों से आधार कार्ड समिति पर जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
गन्ना समिति की ओर से किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र, बीज, खाद, कीटनाशक उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए किसानों को समिति की सदस्यता लेनी पड़ती है। सदस्यता के लिए समिति पर आधार कार्ड के साथ अपना ब्योरा जैसे गाटा संख्या, फसल का क्षेत्रफल दर्ज कराना पड़ता है। गन्ना विभाग के बार-बार निर्देर्शों के बावजूद 142 किसान ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक अपने आधार कार्ड समिति पर जमा नहीं कराए हैं। इनमें 127 किसान मलकपुर समिति और 27 किसान रमाला समिति पर पंजीकृत हैं। आधार कार्ड जमा न करने पर इन किसानों को विभाग की योजनाओं से वंचित रहना पड़ सकता है। गन्ना विभाग ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड जमा करने के निर्देश दिए हैं।
मलकपुर मिल के 127 और रमाला मिल के 27 किसानों ने अपने आधार कार्ड जमा नहीं कराए हैं। आधार कार्ड जमा न कराने वाले किसानों को विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा। - डॉ अनिल कुमार भारती, जिला गन्ना अधिकारी