बागपत। जिले से पांच इंस्पेक्टरों के तबादले होने के बाद तीन थाने खाली चल रहे थे। एसपी ने तीनों थानों में नए इंस्पेक्टरों की नियुक्त की है। लोकसभा चुनाव से पहले सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, बालैनी थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, बिनौली थानाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, पीआरओ राजेश कुमार भारतीय सहित पांच इंस्पेक्टरों के गैर जनपदों में तबादले कर दिए गए थे। तीनों थाने खाली चल रहे थे। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने सिंघावली अहीर थाने का चार्ज उमेश कुमार पांडेय को दिया। रविंद्र चंद्र पंत को बालैनी थानाध्यक्ष और रवेंद्र कुमार को बिनौली थानाध्यक्ष बनाया है। एसपी ने तीनों थानाध्यक्ष को ईमानदारी से काम करने एवं अपराधों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुकदमों की सही विवेचना कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें। फर्जी तरीके से किसी को जेल न भेजा जाए। एसपी ने बताया कि जल्दी ही जनपद के कई थानाध्यक्षों को भी बदला जाएगा।