बिनौली। फतेहपुर पुट्ठी की श्री साईं ग्लोबल एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पोस्टर बनाकर व रैली निकालकर वाहन चालकों से यातायात के नियमों का पालन करने का आह्वान किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने बड़ौत सराय मार्ग पर जाकर आने जाने वाले वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के फायदे बताए। बिना हेलमेट दुपहिया व बिना सीट बेल्ट बांधे कार चला रहे चालकों को फूलों की माला पहनाकर हेलमेट लगाकर ड्राइविंग करने का अनुरोध किया। साइकिल सवारों व पैदल चलने वालों को भी यातायात के नियम बताए। इस दौरान यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करते पोस्टर हाथ मे लेकर जनजागरूकता रैली भी निकाली। प्रबंधक अनुज मलिक, निदेशक अनु मलिक, प्रधानाचार्य एसके शर्मा, राजीव कुमार, दीपक, रवि, शौदान, लवली, मोहित आदि का सहयोग रहा।