बुढेड़ा में ग्राम समाज की भूमि पर गोवंशों को मिलेगा संरक्षण
बागपत। बुढेड़ा गांव में ग्रामीणों द्वारा आवारा गोवंशों में स्कूल ओर खाली घेर में बंद करने पर सीडीओ पीसी जायसवाल ने ग्राम प्रधान पति और ग्राम सचिव को कार्यालय में बुलाया। इस प्रकरण में पूरी जानकारी ली। उन्हें पूरी व्यवस्था कराने के लिए निर्देशित किया। प्रधान पति मुकेश और ग्राम सचिव गंगाराम ने सीडीओ बताया कि गांव में साढ़े 12 बीघे जमीन है। यहां पर आवारा गोवंशों को रखा जाएगा। इसके लिए यहां पर एक अस्थाई आश्रय केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां पर गोवंशों का उपचार और चारे की व्यवस्था कराई जाएगी। बंधक किए गए गोवंशों को मुक्त कराकर वहां सरकारी जगह में रखने की व्यवस्था हो गई। ग्राम सचिव ने कहा कि जमीन पर अस्थाई रूप से चारों ओर से गड्ढा करवाकर वहां गोवंशों को रखा जाएगा। सीडीओ पीसी जायसवाल ने ग्राम सचिव और प्रधान के पति को आदेश दिए कि इन सभी पशुओं को स्कूल और घेर से बाहर निकाला जाए। किसी भी कीमत पर बच्चों की पढ़ाई में बाधा नहीं आनी चाहिए। इसकी जिम्मेदारी प्रधान और सचिव की है। इसलिए वह ग्रामीणों को समझाकर शांत करेें। साथ ही उन्हें पशुओं को रखने के लिए चिह्नित की गई जमीन पर जल्द व्यवस्था कर इस परेशानी से निजात दिलाई जाए।