बागपत। जनपद के खिलाड़ियों और जनपदवासियों को परिवहन सुविधा दिलाने की मांग को लेकर बागपत विधायक योगेश धामा प्रदेश के खेल और परिवहन मंत्री से मिले।
विधायक ने खेल मंत्री चेतन चौहान को बताया कि बागपत जनपद में खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, यदि समय रहते खिलाड़ियों को सुविधाएं मिल जाएं तो युवाओं का रुझान खेलों में बढ़ेगा। उन्होंने धनौरा, फखरपुर और बसी गांव के कबड्डी खिलाड़ियों को मेट दिलाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान देने वाले मलकपुर गांव के पहलवानों को भी सुविधाएं दिलाने की मांग उठाई। साथ ही खेकड़ा में अधूरे पडे़ स्टेडियम का शीघ्र निर्माण कराने के लिए धनराशि आवंटित करने का मुद्दा उठाया। इसके बाद विधायक परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव से मिले और चौगामा क्षेत्र के दाहा-भड़ल-धनौरा-सरोरा होते हुए मेरठ तक, झुंडपुर-तवेला गढ़ी-मिलाना होते हुए मेरठ तक, बागपत से पावला-ढ़िकौली-बंथला होते हुए गाजियाबाद तक एवं बागपत से पावला-ढिकौली-चमरावल-कहरका-मुकारी होते हुए मेरठ मार्ग पर बस चलवाने की मांग उठाई।