बागपत। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में 35 स्कूलों के 180 बच्चों ने आकर्षक और शिक्षाप्रद विज्ञान के मॉडल बनाए।
बुधवार को प्रदर्शनी का सीडीओ चांदनी सिंह, एसडीएम विवेक कुमार यादव, डीआईओएस पीके मिश्रा ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। सीडीओ ने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा जो मॉडल बच्चों ने बनाए हैं, वह सराहनीय है। भविष्य में इन्हीं बच्चों में से ही देश के बड़े वैज्ञानिक बनकर नाम रोशन करेंगे। छोटी उम्र में जो मॉडल तैयार किए हैं वह कोई सोच रखने वाले विद्यार्थी ही कर सकते है। मॉडलों को देखकर अन्य छात्र-छात्राओं को इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। एसडीएम विवेक कुमार यादव ने कहा कि इस आधुनिक युग में विज्ञान का बहुत बड़ा महत्व है। शिक्षकों को भी इस तरह की प्रदर्शनी लगाने के आह्वान किया। जलवायु परिवर्तन के कारण एवं परिणाम विषय पर बनाए गए मॉडल में गुलशन प्रथम, हिमांशी द्वितीय, बिट्टू तृतीय रहा। जैव विविधता में रेशमा प्रथम, जैबा द्वितीय, आकांक्षा तृतीय रही। मानव कल्याण में शालिम प्रथम, आसिफ द्वितीय और नेहा तृतीय रही। वैकल्पिक ऊर्जा में आशिम प्रथम, अंकित द्वितीय, प्रियांशी शर्मा तृतीय रही। सूचना एवं प्रौद्योगिकी में नीशू प्रथम, निखिल मान द्वितीय, सोनू तृतीय रहा। गणित एवं भौतिक में रेशमा प्रथम, जेवी द्वितीय आकाश तृतीय रहा। विजेता विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की नोडल और प्रधानाचार्य डॉ. प्रीति शर्मा ने कार्यक्रम के बारे में सभी जानकारी दी।