बामनौली-रंछाड़ मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान
बड़ौत। बामनौली-रंछाड़ मार्ग पिछले कई महीनों से ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बन चुका है। मार्ग पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इस कारण वहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के साथ आए दिन हादसे हो रहे हैं। लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बामनौली-रंछाड़ मार्ग से सटे रंछाड, सिरसली, जिवाना, बामनौली आदि गांव के ग्रामीणों को भुगताना पड़ रहा है। गहरे गड्ढे आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं। लोगों को वहां से आवागमन को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों में रविंद्र हट्टी, प्रमोद, धर्मवीर, श्रीपाल, सुभाष, संजीव, कप्तान, अमरपाल, महेंद्र, धर्मेंद्र, ऋषि आदि ने बताया कि मार्ग पूरी तरह से टूट चुका है। यहां पैदल चलना भी दूभर हो गया है। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। एसडीएम गुलशन का कहना था कि जल्द ही पीडब्ल्यूडी के अफसरों से बातचीत कर मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।