बागपत। सिंचाई बंधु की बैठक में कृषकों की समस्याओं पर मंथन किया। एक-दो किसान पहुंचे तो, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
विकास भवन सभागार में मंगलवार को सिंचाई बंधु की बैठक हुई, इसमें विभाग के अधिकारी तो मौजूद थे, लेकिन किसानों का टोटा रहा। समिति के उपाध्यक्ष जसवीर सिंह सोलंकी और चौगामा क्षेत्र से एक किसान पहुंचे। उनके द्वारा क्षेत्र की नदियों में पानी न आने की समस्याओं से अवगत कराया। सबसे बड़ी समस्या चौगामा नहर को बताया। मीरापुर रजबहे की समस्याओं को बताया। वहां मौजूद अधिकारियों ने किसानों को समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिलाया। उसके बाद सिंचाई विभाग ने ऊर्जा निगम, नगर पालिका सहित अन्य विभागों पर आरोप लगाया कि बिना किसी तरह की सूचना दिए नहरों की जमीन पर अतिक्रमण कर देते है। ऊर्जा निगम गहरे गड्ढे करके खंभे लगवाते हैं, इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हादसा होने पर जिम्मेदार विभाग को ठहराया जाएगा। सीडीओ पीसी जायसवाल ने नाराजगी जाहिर की। निगम को नोटिस जारी कर पहले एनओसी लेने और उसके बाद कार्रवाई के लिए आदेशित किया। सीडीओ ने परियोजनाओं पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इसमें एक्सईएन संजीव, जेई विकास चौधरी, एसडीओ सूरजपाल, अनेक सिंह, गजेंद्र सिंह, राजेंद्र, वीरपाल पंवार आदि रहे।