बागपत। सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा ने बताया कि परिवार नियोजन की जानकारी न होने पर जल्दी-जल्दी मां बनने के कारण महिला में खून की कमी हो जाती हैं। जिससे जच्चा-बच्चा दोनो को जान का खतरा हो जाता है। इसलिए मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए इस बार विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े में परिवार को सीमित करने के लिए मिलने वाले अन्य साधनों में अंतरा गर्भ निरोधक इंजेक्शन और छाया साप्ताहिक गोली को जोड़ा गया हैं। इसकी शुरूआत मंगलवार से जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर की जाएगी। अंतरा लगवाने पर लाभार्थी को प्रति डोज सौ रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि परिवार विकास के अंतर्गत महिला नसबंदी कराने पर दो हजार और पुरुष नसबंदी कराने पर तीन हजार रुपये का प्राविधान है। इसके अलावा कॉपर-टी अपनाने के बाद दो बार फॉलोअप पर आने के लिए 150-150 रुपये दिए जाएंगे।