विद्युत लाइन की चिंगारी से ईख की फसल जली
बागपत। सरूरपुर गांव निवासी रणवीर सिंह के खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। जो जर्जर और ढीली हो रही है। सोमवार को लाइन में उठी चिंगारी से ईख की फसल में आग लग गई। आग की लपटे और धुआं उठता देख मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने पड़ोसी नलकूपों से पानी लाकर किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक पांच बीघा फसल जल चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि ऊर्जा निगम की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि विद्युत लाइन की चिंगारी से पूर्व में भी कई किसानों की फसल जल चुकी है।