बड़ौत। विद्युत निगम के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा शिव भक्तों को भुगतना पड़ सकता है, क्योंकि कांवड़ मार्ग पर अभी तक लगे जर्जर विद्युत पोलों को न तो बदला है और न ही अन्य विद्युत पोल की गार्डिंग की। इससे शिवभक्तों में आक्रोश पनप रहा है। शिवभक्त मोहित मुखिया, बबलू मलिक, विनीत तोमर, गौरव मलिक, रवि चौहान, अमित तोमर, सुमित तोमर आदि ने कहा कांवड़ यात्रा जोरों पर है, लेकिन विद्युत निगम के कर्मचारी चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली में जुटे हैं। जबकि हर साल काफी संख्या में शिव भक्त कांवड़िए नगर की बिजरौल रोड, अग्रसेन मूर्ति, खत्री गढ़ी, बाजार पुलिस चौकी, संजय मूर्ति, फूंसवाली मस्जिद, मीरापुर रजवाहे, पंचवटी मंदिर और बड़ौली रोड से होते बागपत की ओर जाते हैं। इन मार्गों पर लगे विद्युत पोलों पर अभी तक गार्डिंग नहीं की है और न ही जर्जर विद्युत पोल को बदला। दूसरी तरफ एक्सईएन प्रथम अजय कुमार और द्वितीय एसपी टांक दावा है कांवड़ मार्गों पर गार्डिंग कर दी है।