रटौल/बालैनी। हाइटेंशन लाइन की चिंगारी से रटौल और दौलतपुर गांव के जंगल में 12 बीघा बीघा गेहूं की फसल जल गई। जिससे किसान को हजारों रुपये का नुकसान हो गया। किसानों ने किसी तरह आग बुझाई काबू पाया।
दौलतपुर गांव के पूर्व प्रधान श्याम सिंह ने बताया कि जंगल में उसके खेतों के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन जर्जर हो चुकी है। जिन्हें बदलवाने के लिए कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन तार नहीं बदले गए।
शनिवार दोपहर हाइटेंशन लाइन की चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। जिससे खेत में गेहूं की कटाई कर रहे किसानों ने भागकर जान बचाई। आग लगने से उसकी आठ बीघा और नरेंद्र की दो बीघा गेहूं की फसल जल गई।
रटौल निवासी लुकमान ने बताया कि उसने अपने खेत में गेहूं की फसल उगा रखी है। आरोप लगाया कि उसके खेत के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन की चिंगारी शनिवार दोपहर उसके खेत में गिर गई। जिससे गेहूं की फसल में आग लग गई।
दूसरे खेतों में काम करने वाले किसानों ने ने आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन उसकी दो बीघा फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित ने नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की। किसान रफीक, संजीव आदि ने बताया कि पहले भी कई किसानों की फसल जल चुकी है।