- टटीरी में गड़बड़ी होने की शिकायत पर सहकारी समिति चुनाव आयोग को भेजी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले के 11 सहकारी संघों के चुनाव में सोमवार को छह नामांकन पत्र वापस किए गए। जिसके चलते 11 सहकारी संघों के 121 पदों में से 102 डायरेक्टर निर्विरोध चुने गए, जबकि 19 पद खाली रह गए हैं। जिसमें अब 31 मार्च को नवनिर्वाचित डायरेक्टर सभापति और उपसभापति के लिए मतदान करेंगे।
सहकारी संघ के चुनाव को लेकर अग्रवाल मंडी टटीरी में दो पक्षों ने हंगामा कर दिया था। जहां गड़बड़ी होने का आरोप लगाकर उच्चाधिकारियों से भी शिकायत की गई थी। जिस पर अधिकारियों ने संज्ञान लिया और जांच रिपोर्ट सहकारी समिति चुनाव आयोग को भेज दी। इस मामले में उप निबंधक सहकारिता मोहसीन जमील व अपर जिला सहकारी अधिकारी प्रेम शंकर ने बताया कि चुनाव आयोग के आदेश के अनुसार कार्य कराया जाएगा। सोमवार को छह नामांकन पत्र वापस होने से सहकारी संघ सरूरपुर कलां में एक महिला, कोताना में एक महिला, अमीनगर सराय में एक महिला, भैड़ापुर में एक अनुसूचित जाति पद, बालैनी में एक महिला, छपरौली में चार, दाहा में पांच व टटीरी में पांच पद खाली रह गए हैं। जबकि कासिमपुर खेड़ी, खेकड़ा, बिनौली सहकारी संघ के सभी पदों पर डायरेक्टर निर्विरोध चुने गए। अब 31 मार्च को सभापति व उपसभापति के लिए मतदान कराया जाएगा।
- टटीरी में भाजपा तो खेकड़ा में सपा-रालोद का दबदबा
सहकारी संघ में सभापति और उप सभापति पद के चुनाव में सभी दलों के दावेदार अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। जिसमें अग्रवाल मंडी टटीरी में सहकारी संघ में चुने गए सभी डायरेक्टर भाजपा से जुड़े हैं तो खेकड़ा सहकारी संघ में सपा व रालोद समर्थित डायरेक्टर चुने गए हैं। इसके अलावा कोताना में भाजपा और रालोद, कासिमपुर खेड़ी में अधिकांश डायरेक्ट रालोद, बालैनी में सपा और भाजपा के दावेदार अपनी दावेदारी दिखा रहे हैं।