खेकड़ा (बागपत)। लोकसभा चुनाव मतगणना को लेकर शहर मे दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के समीप स्थित चुनाव केंद्र परिसर में 23 मई को मतगणना होगी। इसेे लेकर चुनाव केंद्र परिसर में शनिवार को संबंधित अधिकारी, कर्मचारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में जुटे रहे। शनिवार को चुनाव केंद्र परिसर में मतगणना को लेकर साउंड सिस्टम, लाइट व प्रत्याशियों के एजेंटों के आने जाने के लिये बैरिकेडिंग कराई गई। कर्मचारी दिन भर कार्य में जुटे रहे। तहसीलदार यदुवंश कुमार ने बताया कि मतगणना के लिए प्रत्याशियों के एजेंटों के आई कार्ड बनवाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। सोमवार को सभी एजेंटों को मतगणना पास वितरित कराए जाएंगे। मतगणना के लिए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।